नवादा : जिले के थाली थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में मधुमक्खियों के हमले से युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे महिला समेत दो घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया।मृतक की पहचान माधोपुर रजवरिया टोला निवासी स्वर्गीय बुधन राजवंशी के पुत्र छोटन राजवंशी के रूप में हुई है।
बकरी चराने के दौरान मधुमक्खियों ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, छोटन राजवंशी बकरी चराने के लिए गांव के समीप हथिया बाबा जंगल गया था। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के लगातार डंक मारने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और शोर मचाने लगा। छोटन राजवंशी की आवाज सुनकर गांव के ही राजू राजवंशी और स्वर्गीय कमल राजवंशी की 60 वर्षीय पत्नी चमेली देवी, जो जंगल में लकड़ी काटने गई थीं, मौके पर पहुंची। दोनों ने मधुमक्खियों से घिरे छोटन को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान मधुमक्खियों ने राजू राजवंशी और चमेली देवी पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
तीनों को इलाज के लिए लाया गया सीएचसी
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निशीकांत कुमार ने छोटन राजवंशी की जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि छोटन को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था जबकि उनके साथ घायल हुए दोनों लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया। दोनों खतरे से बाहर बताए गए हैं।
मां के घायल होने की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुत्री
घायल चमेली देवी के इलाज के दौरान मौजूद उनकी पुत्री सुनीता देवी ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि उनकी मां को जंगल में मधुमक्खियों ने काट लिया है। जानकारी मिलते ही वह जंगल की ओर दौड़ीं और अपनी मां को इलाज के लिए गोविंदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आईं।
शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम
चिकित्सक द्वारा छोटन राजवंशी को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव को अपने घर ले गए। शव घर पहुंचते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। चीख-पुकार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया और परिवार में मातम पसर गया। मृतक के पांच पुत्र हैं, जिनमें तीन पुत्र अभी अविवाहित है।
चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों पर डंक
बताया जाता है कि मधुमक्खियों ने छोटन राजवंशी के चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों पर हमला किया था। उनके चेहरे पर बड़ी संख्या में मधुमक्खियां चिपकी होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में मधुमक्खियों के डंक मारने के कारण उनकी हालत गंभीर हुई और उनकी मौत हो गई।
जंगल में सावधानी बरतने की अपील
घटना के बाद माधोपुर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में मधुमक्खियों के झुंड से सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना दोबारा न हो।
भईया जी की रिपोर्ट