नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश द्वारा क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत अकबरपुर प्रखंड के गोपालपुर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विद्यालय की आधारभूत संरचना, कक्षा-कक्ष, स्मार्ट क्लास, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई सहित विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, पठन-पाठन की स्थिति एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों से विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था एवं पठन-पाठन की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा विद्यालय में बेहतर एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं एवं पठन-पाठन की व्यवस्था के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को बिहार सरकार की हालिया पहल ‘बिहार विद्या साथी’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को 24×7 ऑनलाइन शैक्षणिक सहायता, विषयवार अध्ययन सामग्री तथा शिक्षकों से संवाद कर अपनी शैक्षणिक जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों का उपयोग करते हुए अपनी पढ़ाई को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को इस प्रकार के डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों का नियमित उपयोग करने तथा अपनी शैक्षणिक क्षमता को और विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय की आधारभूत संरचना एवं आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कमियों को चिन्हित करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के हित में सभी आवश्यक सुविधाओं की नियमित एवं सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।इसके साथ ही भौतिकी एवं रसायन विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर के चारों ओर चारदीवारी (बाउंड्री वाल) के निर्माण के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर आधारभूत संरचना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित तथा अनुकूल शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों की आवश्यकताओं का नियमित रूप से अनुश्रवण करते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अकबरपुर, विद्यालय के प्राचार्य, संबंधित पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं कर्मी उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट