नवादा : जिले की अकबरपुर पुलिस दो अलग-अलग स्थानों पर छापामारी कर 225 लीटर महुआ शराब के साथ शराब परिवहन में प्रयुक्त किये जा रहे दो बाइक जब्त किया है। मौके पर शराब तस्कर बाइक व शराब छोड़ फरार होने में सफल रहा। इस बावत उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है।
थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि फतेहपुर के पास मोटरसाइकिल सवार शराब के साथ ग्राहक के आने का इंतजार कर रहा है। सूचना के आलोक में गश्त पुलिस द्वारा की गयी त्वरित कार्रवाई के तहत मोटरसाइकिल के साथ करीब 115 लीटर देशी शराब बरामद किया गया। पुलिस को आते देख शराब तस्कर बाइक व शराब छोड़ फरार होने में सफल रहा।
दूसरी ओर मदैनी के पास की गयी छापामारी में जंगल की ओर से शराब की खेप लेकर आ रहे मोटरसाइकिल के साथ करीब 110 लीटर महुआ शराब बरामद कर लिया। इस प्रकार कुल 225 लीटर देशी शराब और 2 मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। इस सन्दर्भ में कांड संख्या 436/26 दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है। फरार तस्करों व बरामद बाइक का सत्यापन के बाद संबंधित की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी।
भईया जी की रिपोर्ट