नवादा : जिला मुख्यालय के बीचोंबीच से गुजरने वाली खुरी नदी को अतिक्रमणकारियों ने नदी से नाला बना दिया। अब जब नदी ने अपना रुप दिखाया तो मुहल्ले के लोगों की परेशानियां बढ़नी शुरू हो गयी है। नगर के खुरी नदी के किनारे बसे तकिया मोहल्ला तालाब में बदल गया है। वर्तमान में तकिया मोहल्ला पर एक गली से दूसरी गली में आना जाना मुश्किल और दुश्वार हो गया है। मस्जिदे बिलाल मोहल्ला तकिया पर के इमाम मुफ्ती इनायतुल्लाह कासमी ने बताया कि हर साल बारिश के मौसम में पूरा मोहल्ला मुर्गी फार्म से लेकर आखिर तक तालाब हो जाता है।
एक गली से दूसरी गली आना जाना मुश्किल होता है और पूरे मोहल्ले के लोगों का बाजार के लिए निकलना अपने रिश्तेदारों दोस्तों के यहां आना-जाना पूरे बरसात भर बंद हो जाता है। हर साल यह स्थिति विकास के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। मोहल्ले में जमा गंदा पानी, बिखरा कचरा, कीचड़ और बदहाल जलनिकासी की स्थिति देखकर सवाल उठना लाजमी है। बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। तकिया मोहल्ला में हर बारिश के समय जलजमाव की स्थिति का उल्लेख किया जाता है, लेकिन कुछ भी फर्क नहीं पड़ता।
स्थानीय स्तर पर वार्ड पार्षद से लेकर मुख्य पार्षद, विधायक, विधान पार्षद तक जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के संबंधित विभाग और प्रशासन के सामने मजबूती से रखें। सवाल किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल का नहीं है। सवाल है कि तकिया मोहल्ला के लोगों को आखिर कब बेहतर नाली गली साफ नाला और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था मिलेगी?
अगर हर साल बारिश में मोहल्ला, गलियां तालाब बन जाएं, वही कचरा दिखाई दे और वही समस्याएं दोबारा सामने आएं, तो जनता को यह पूछने का अधिकार है कि विकास के नाम पर किए जा रहे कामों का वास्तविक लाभ जमीन पर क्यों नहीं दिखाई दे रहा? विशेष तौर पर यहां की विधायिका विभा देवी और एमएलसी अशोक यादव से तकिया मोहल्ला वासियों की मांग है के यहां के नालियों और गलियों का काम बहुत जल्द करा कर यहां की स्थिति व मुहल्ले की तस्वीर को बदलें।
भईया जी की रिपोर्ट