केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी की तबीयत एक बार फिर काफी बिगड़ गई है। वे पिछले तीन—चार दिनों से पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। कल बुधवार को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। लेकिन स्वस्थ होकर घर लौटने के कुछ ही घंटों बाद बीती देर रात अचानक उनकी तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई। डॉक्टरों की सलाह के बाद मांझी को व्हीलचेयर पर पटना से दिल्ली ले जाया गया है। आज गुरुवार को मांझी अपने पूरे परिवार के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। मांझी की तबीयत फिर बिगड़ने की जानकारी होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और राजनीतिक गलियारों में चिंता की लहर दौड़ गई। संभवत: दिल्ली एम्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनकी विभिन्न तौर पर स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी।
डिस्चार्ज के बाद फिर बिगड़ी तबीयत
जीतन राम मांझी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और पटना के अस्पताल में भर्ती थे। बताया जाता है कि तब वायरल फीवर के बाद उन्हें मेदांता में भर्ती कराया गया था। वहां दो—तीन दिन इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार आया था, जिसके चलते कल ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। परंतु अब एक बार फिर तीबयत बिगड़ने के बाद परिवार और कार्यकर्ता काफी चिंतित हो रहे हैं। हालांकि केंद्रीय मंत्री मांझी के निजी सहायक ने साफ किया कि उनकी हालत गंभीर नहीं है। वायरल फीवर के बाद उनके शरीर में कमजोरी है, जिसकी वजह से उन्हें चलने—फिरने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि बुखार के बाद मांझी के शरीर में कमजोरी रह गई है। इसी वजह से उन्हें चलने में परेशानी हो रही है। दिल्ली यात्रा के दौरान परेशानी न हो, इसलिए उनके लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई।
व्हील चेयर देखकर लोगों को हुई चिंता
इधर गुरुवार को जीतन राम मांझी को व्हील चेयर पर देखकर सोशल मीडिया और उनके गृह क्षेत्र गया जिले में उनके स्वास्थ्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोगों को लगा कि उनकी तबीयत गंभीर हो गई है और वह इलाज के लिए दिल्ली जा रहे हैं। हालांकि, निजी सहायक ने कहा कि केंद्रीय मंत्री की हालत गंभीर नहीं है। मांझी दिल्ली एक जरूरी बैठक में शामिल होने जा रहे हैं। साथ ही वहां वे डॉक्टरों से अपना डिटेल चेकअप भी करवायेंगे।