नवादा : जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचू गढ़पर गांव निवासी 22 वर्षीय प्रणय भारती चंद्रवंशी की गोली मारकर हत्या की घटना से लोगों में आक्रोश है। सोमवार, 1 सितंबर को टीएस कॉलेज के पास मामूली विवाद के बाद 10 से 15 हथियारबंद बदमाशों द्वारा चंद्रवंशी मोहल्ले में घुसकर युवक की हत्या किए जाने की बात सामने आयी है।;घटना को लेकर बिहार विधानसभा अध्यक्ष सह अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गहरा शोक जताया है।
घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. प्रेम कुमार ने एसपी से दूरभाष पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी का निर्देश दिया। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। डॉ. प्रेम कुमार ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हरसंभव सहयोग और न्याय का भरोसा दिलाया।
मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का आदेश दिया है। एसआईटी घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच करेगी और आरोपितों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई करेगी। इधर, राजद के पूर्व एमएलसी डॉ. रामबली सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने, 25 लाख रुपये मुआवजा देने और मामले का स्पीडी ट्रायल कराने की मांग की। चंद्रवंशी चेतना मंच के अध्यक्ष चंदन कुमार ने सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, हम पार्टी के लवकुश चंद्रवंशी ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट