नवादा : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बड़गांव हाईस्कूल के पीछे पैन के गहरे पानी में डूबने से 50 वर्षीय अधेड़ चरवाहे की मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़गांव निवासी स्वर्गीय महावीर पांडेय के पुत्र बिनोद पांडेय के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिनोद पांडेय अपनी गाय को चारा खिलाने के लिए नदी किनारे ले गए थे। इसी दौरान गाय बड़गांव से इस्माइलपुर की ओर जाने वाले पैन के दूसरे पार चली गई। गाय को वापस लाने के लिए बिनोद पांडेय पैन पार करने के उद्देश्य से पानी में उतर गए। बताया जा रहा है कि उस समय पैन में पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
गाय किसी तरह वापस लौट आई, लेकिन बिनोद पांडेय घर नहीं पहुंचे। देर शाम तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और आसपास के इलाके के साथ-साथ पैन में उनकी तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों की मदद से काफी देर तक खोजबीन की गई। रात करीब 10 बजे पैन से कुछ दूरी पर झाड़ियों में फंसा बिनोद पांडेय का सर दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सिरदला पुलिस की 112 टीम मौके पर पहुंची। सूचना मिलने पर सिरदला थाना के अपर थानाध्यक्ष विकास कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया है। थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची । प्रथमदृष्टया पानी में डूबने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
भईया जी की रिपोर्ट