नवादा : जिले नेमदारगंज थाना क्षेत्र के पचगांवा गांव में थार गाड़ी की किस्त को लेकर दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में महिला और दिव्यांग युवक समेत एक पक्ष के आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में मंजू देवी, धर्मेंद्र कुमार, टार्जन कुमार, पुरुषोत्तम कुमार, छोटू, दीपक, सोनू और बाल्मीकि शामिल हैं।

घायल धर्मेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उनके भतीजे अमर ज्योति ने उनके बेटे के नाम पर थार गाड़ी फाइनेंस कराई थी। कुछ किस्तें जमा करने के बाद किस्त बंद कर देने से बेटे का सिबिल स्कोर खराब होने लगा। शिकायत के बाद गाड़ी फाइनेंसर को जमा करनी पड़ी। बाद में सभी किस्तें चुकाकर गाड़ी वापस ली गई। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के आलोक में पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है।
भईया जी की रिपोर्ट
