नवादा : हिसुआ-गया मुख्य पथ पर बैजनाथपुर रेलवे गुमटी के समीप भगवान बुद्ध की 108 फीट ऊंची भव्य और विशाल प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है। विशाल प्रतिमा के निर्माण की खबर सामने आने के बाद यह स्थान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। निर्माण पूरा होने के बाद प्रतिमा क्षेत्र के प्रमुख आकर्षण केंद्र में शामिल हो सकती है। बताया जाता है कि प्रतिमा को भव्य स्वरूप देने के लिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है। 108 फीट की ऊंचाई होने के कारण दूर से ही भगवान बुद्ध की प्रतिमा दिखाई देने की उम्मीद है। इससे हिसुआ-गया मार्ग से गुजरने वाले लोगों का ध्यान इस ओर बरवस आकर्षित होगा।
भगवान बुद्ध के जीवन, उनके शांति और करुणा के संदेश से बिहार का गहरा संबंध रहा है। गया, बोधगया और राजगीर जैसे बौद्ध एवं ऐतिहासिक स्थलों के कारण मगध क्षेत्र देश-विदेश के पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण रहा है। ऐसे में जिले के हिसुआ क्षेत्र में इतनी विशाल बुद्ध प्रतिमा का निर्माण स्थानीय स्तर पर धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। प्रतिमा के निर्माण से आसपास के क्षेत्र में आने वाले समय में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। यदि यहां परिसर का विकास, पार्क, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाएं विकसित की जाती हैं, तो यह स्थान लोगों के लिए एक प्रमुख दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित हो सकता है।
प्रतिमा का निर्माण कार्य देखने के लिए आसपास के लोगों में भारी उत्सुकता देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 108 फीट ऊंची बुद्ध प्रतिमा जिले की एक अलग पहचान बनायेगी। निर्माण पूरा होने के बाद यहां आने वाले लोगों को भगवान बुद्ध के शांति और अहिंसा के संदेश से जुड़ने का अवसर मिलेगा। फिलहाल बैजनाथपुर रेलवे गुमटी के पास भगवान बुद्ध की विशाल प्रतिमा का निर्माण कार्य जारी है। प्रतिमा का अंतिम स्वरूप सामने आने के बाद यह स्थान जिले के महत्वपूर्ण आकर्षण केन्द्रों में शामिल हो सकता है।
भईया जी की रिपोर्ट
