समस्तीपुर के उजियारपुर थाना क्षेत्र में बीती देर रात ट्रक की तलाशी के दौरान स्थानीय लोगों और पुलिस के झड़प की खबर है। नाजिरपुर हाट के समीप तीनवटिया में विवाद बढ़ने पर गुस्साई भीड़ ने एएसआई राजू कुमार समेत गश्ती दल के पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और एएसआई को बंधक बना लिया। इस घटना में एएसआई राजू कुमार समेत कुछ पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने एएसआई को घेरकर उनके साथ मारपीट की और उनकी वर्दी तथा नेम बैज उखाड़ दिया।

सूचन के बाद मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उधर लोकल लोगों ने पुलिस पर दुर्व्यवहार करने और मारपीट का आरोप लगाया। एसडीपीओ ने इस मामले में दोनों ही पक्षों की भूमिका की जांच का आदेश दिया है। बताया जाता है कि बीती रात करीब नौ बजे एएसआई राजू कुमार के नेतृत्व में पुलिस की गश्ती टीम बाबू पोखर चौक की तरफ से नाजिरपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान नाजिरपुर हाट के पास तीनवटिया में सड़क किनारे एक ट्रक संदिग्ध स्थिति में खड़ा दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने ट्रक को घेरकर उसकी जांच और तलाशी की प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास किया।
पुलिस की कार्रवाई पर मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर पुलिसकर्मियों और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। पुलिस का आरोप है कि बहस के बाद युवकों ने गश्ती दल के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस की ओर से ट्रक को वहां से हटाकर ले जाने की बात भी कही गई। विवाद की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, भीड़ बढ़ने के साथ स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और एएसआई राजू कुमार को लोगों ने घेर लिया। पुलिस का दावा है कि एएसआई के साथ मारपीट की गई और उन्हें कुछ समय के लिए बंधक बनाकर रखा गया। एएसआई की ओर से लगाए गए आरोप के अनुसार, मारपीट के दौरान उनकी वर्दी पर लगा नेम बैज भी उखाड़ लिया गया। इस दौरान एएसआई के अलावा गश्ती दल में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
