गोपालगंज में आज शुक्रवार की सुबह महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान पुरानी चौक के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पुरानी चौक निवासी शिव जी प्रसाद के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि अज्ञात बदमाशों ने युवक के सिर में गोली मार दी जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर अचानक विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान किसी ने विकास कुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक विकास की मौत हो गई।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
जमीन पर गिरे विकास को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस बीच सदर अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और अस्पताल परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। उधर एसडीपीओ के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीम तत्काल सदर अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर विधायक सुभाष सिंह और सदर एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह भी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हत्या की वजह स्पष्ट नहीं, जांच जारी
फिलहाल युवक की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पुरानी चौक समेत आसपास के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे। सदर एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और महावीरी अखाड़ा जुलूस में शामिल लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि गोली चलाने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की टीमें संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।