भागलपुर : गंगा नदी में मजदूरों से भरी नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। कुल 18 मजदूर नाव पर सवार होकर मजदूरी के लिए नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान बीच धारा में पहुंचते ही नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटते ही नदी में सवार मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई। 18 में से 12 मजदूर तैरकर सुरक्षित घाट तक पहुंचने में सफल रहे। वहीं, करीब छह मजदूर लापता है। गंगा में पानी का बहाव तेज होने के कारण लापता मजदूरों की तलाश में भी परेशानी आ रही है। स्थानीय लोग और गोताखोर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के नवगछिया के राघोपुर इलाके में बुधवार को गंगा नदी में कूल 18 मजदूर रोजाना की तरह काम की तलाश और मजदूरी के लिए नाव पर सवार होकर गंगा नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में पहुंचते ही नाव अचानक असंतुलित हो गई और पलट गई। नाव पलटते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए बचाव कार्य शुरू किया, जिसकी बदौलत 12 मजदूर सुरक्षित घाट तक पहुंचने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। नदी में लापता 6 मजदूरों की तलाश के लिए SDRF की टीम को मोटरबोट और गोताखोरों के साथ तैनात किया गया है। हालांकि, गंगा नदी का जलस्तर और पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लापता मजदूरों के परिजन घाट पर पहुंचकर अपनों के सकुशल वापस लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और स्थानीय लोग भी राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।