बेतिया में एक बेकाबू बस ने छठियार समारोह में आर्केस्ट्रा देख रहे कम से कम 10 लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में 5 व्यक्तियों की मौत होने की खबर है। इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर बीती देर रात तब हुई जब गोरखपुर से बेतिया आ रही तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम की भीड़ में जा घुसी। दो व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि तीन अन्य की मौत अस्पताल में हुई। गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बेटे के जन्म की खुशी में छठियार कार्यक्रम मनाया जा रहा था, उसी दौरान आयोजित आक्रेस्ट्रा कार्यक्रम में बस बेकाबू होकर जा घुसी।

10 लोगों को बस ने रौंदा, 5 गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां आर्केस्ट्रा चल रहा था और भारी भीड़ जमा थी। तभी अचानक पराउ टोला बनकटवा के पास तेज रफ्तार यात्री बस एक ट्रक की टक्कर से बचने के लिए अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। जानकारी में बताया गया कि बनकटवा के रहने वाले शत्रुघ्न दुबे के घर बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था। छठियार में सड़क किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी बीच गोरखपुर की ओर से बेतिया जा रही यात्री बस सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सीधे कार्यक्रम में जा घुसी बस की चपेट में आने से बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम की मौत हो गई। मृतकों में देवेंद्र दुबे भी शामिल हैं जिनके बच्चे का छठियार कार्यक्रम चल रहा था।
हादसे में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत कई लोग घायल हुए हैं। इन सभी को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बेतिया जीएमसीएच भेजा गया है। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने बस और ट्रक में जमकर तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। घटना के बाद बनकटवा गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
