नवादा : अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी के रूप में मनोज कुमार ने समाहरणालय में पदभार ग्रहण किया। पूर्वाह्न में प्रभारी अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी शंभु शरण पांडेय ने उन्हें विधिवत प्रभार सौंपा। पदभार ग्रहण करने के बाद मनोज कुमार ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन के साथ दाखिल-खारिज, परिमार्जन, अतिक्रमण समेत अन्य राजस्व मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निबटाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कहा कि सरकार की ओर से संचालित राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए. साथ ही लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।
अपर समाहर्ता ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और समयबद्धता बेहद जरूरी है। इससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और लंबित मामलों के निष्पादन में भी तेजी आएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया। पदभार ग्रहण करने के अवसर पर समाहरणालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने नवपदस्थापित अपर समाहर्ता मनोज कुमार का स्वागत किया।
भईया जी की रिपोर्ट