नवादा : जिले की खनन विभाग ने पुलिस के साथ जिले के अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर पिछले 24 घंटे में अवैध खनन व परिवहन के आरोप में बालू व पत्थर लदे सात वाहनों को जब्त किया । इनमें बालू लदे चार इंजन रिक्शा व दो ट्रैक्टरों के अलावा पत्थर लदा एक ट्रक शामिल हैं। इस मामले में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
पुलिस के साथ छापेमारी
खनन टीम ने गोविन्दपुर व थाली पुलिस के साथ छापेमारी कर थाली थाना क्षेत्र के अवनैया पहाड़ के समीप से अवैध रूप से नदी से खनन कर बोरियों में भरकर ले जा रहे बालू लदे चार इंजन रिक्शा को जब्त कर लिया। इनके चालक वाहनों को छोड़कर भाग निकले। वाहनों पर करीब 50 सीएफटी बालू लदा हुआ पाया गया। खान निरीक्षक अंजनी कुमार के अलावा संबंधित थानों के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।
अन्य ठिकानों पर कार्रवाई
इधर, खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा के नेतृत्व में छापेमारी कर खनन टीम ने वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर इलाके में छापेमारी कर बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। मौके से चालक भाग निकले। इस मामले में खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा द्वारा वारिसलीगंज थाने में अवैध खनन, परिवहन व भंडारण के आरोप में वाहनों के चालक व मालिकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। इस मामले में आरेापितों के विरुद्ध 02 लाख 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है।
पत्थर लदे ट्रक की जब्ती
खनन टीम ने अवैध रूप से परिवहन कर सीमा पार से जिले में पत्थर लदे ट्रक को पार कराने के आरेाप में एक वाहन जब्त कर लिया। सूचना पर खान निरीक्षक अंजनी कुमार के नेतृत्व में रजौली टोल प्लाजा के समीप कार्रवाई की गयी। जब्त ट्रक पर पत्थर लदा हुआ पाया गया। ट्रक को जब्ती बनाकर थाने में लगाया गया। दस्तावेजों की जांच में चालान व इंटर स्टेट ट्रांजिट पास (आईएसटीपी) नहीं पाया गया। वाहन पर 10 लाख 50 हजार जुर्माना लगाया गया है।
भईया जी की रिपोर्ट