अरवल- जिला के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, अरवल द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज सर्वप्रथम प्रखण्ड कार्यालय अरवल से +2 बालिका उच्च विद्यालय अरवल तक लोहिया खच्छता अभियान के तहत श्रम दान का आयोजन किया गया तत्पश्चात +2 बालिका उच्च विद्यालय, अरवल से इंडोर स्टेडियम, अरवल तक पदयात्रा (प्रभात फेरी) का आयोजन किया गया। पदयात्रा का उद्देश्य जिले के स्थापना दिवस के अवसर पर आमजनों एवं विद्यार्थियों में जिले के प्रति गौरव, उत्साह एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना रहा। जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार आयोजित इस पदयात्रा का शुभारंभ उप विकास आयुक्त, अरवल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

हरी झंडी दिखाते ही विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक पदयात्रा में भाग लिया। पदयात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए इंडोर स्टेडियम्, अरवल पहुंची। पदयात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ पदयात्रा में भाग लेते हुए जिले के स्थापना दिवस के प्रति अपनी सहभागिता प्रदर्शित की। कार्यक्रम के माध्यम से जिले की ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक उपलब्धियों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा जिले के गौरव को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
पदयात्रा के दौरान अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन किया गया तथा स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के विकास, स्वच्छता, शिक्षा, सामाजिक समरसता एवं जनभागीदारी को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई कि अरवल जिला के 26वें स्थापना दिवस को उत्साह, उल्लास एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाएं तथा जिले के सतत विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
पदयात्रा में विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि जिले के विकास एवं गौरव को आगे बढ़ाने में प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्या पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण तथा मीडिया कर्मियों ने भी पदयात्रा में सक्रिय रूप सहभागिता की।

देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
