राजधानी पटना के जक्कनपुर में एक किराए के फ्लैट में रह रही कोलकाता की डांसर की मौत होने की सूचना के बाद सनसनी फैल गई। डांसर की पहचान रोजी खातून के तौर पर हुई जो करीब छह दिन पूर्व कोलकाता से पटना आई थी और जक्कनपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर रोड नंबर 3 स्थित अपने दोस्त आर्यन के किराए के फ्लैट में ठहरी हुई थी। आर्यन और उसके परिवार से रोजी के परिवार की पहले से जान-पहचान बताई जा रही है घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डांसर रोजी खातून का शव कमरे से बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया जिसने जरूरी साक्ष्य जुटाए।

जक्कनपुर पुलिस ने बताया कि युवती की मौत अत्यधिक नशे के कारण होने की आशंका है। लेकिन अभी कुछ भी पुख्ता रूप से कहना सही नहीं होगा। डांसर के नाक से खून निकला हुआ था, ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से और घटनास्थल से मिले साक्ष्य के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक डांसर रोजी खातून करीब पांच-छह दिन पहले ही कोलकाता से पटना आई थी। पटना में उसकी पहले से जान-पहचान थी।बताया जा रहा है कि वह पूर्व में पटना में डांसर के तौर पर काम कर चुकी थी। हाल के दिनों में वह इवेंट से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय थी।
बताया जाता है कि डांसर रोजी खातून का दोस्त आर्यन मीठापुर बस स्टैंड के पास चाऊमीन की दुकान चलाता है। वह 14 अगस्त को अपनी पत्नी के साथ देवघर चला गया था। उस दौरान फ्लैट में रोजी और आर्यन का भांजा मौजूद थे। जानकारी के अनुसार 17 अगस्त की रात आर्यन का भांजा दुकान बंद करने के बाद फ्लैट पर पहुंचा। भांजे ने रोजी को बेड पर बैठा देखा। इसके बाद वह किसी काम से बाहर चला गया। फिर देर रात खाना खाने के लिए उसने रोजी को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उसने अंदर जाकर रोजी के शरीर को हिलाया तो उसमें कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद उसने आर्यन को फोन किया, जिसने 112 पर सूचना दी।

