नवादा : जिले में बिजली विभाग की लापरवाही से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही मौत से किसानों में विभाग के प्रति आक्रोश गहराने लगा है। आक्रोश की ज्वालामुखी कब फुट जाये कहना मुश्किल है। ताज़ा मामला रजौली प्रखंड क्षेत्र के चितरकोली का है। खेत की सिंचाई कर रहे 63 वर्षीय किसान ब्रम्हदेव यादव की मौत विद्युत स्पर्शाघात से हो गयी। सूचना मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया।
बताया जाता है कि पोल से बिजली पंप तक का विद्युत विभाग से बजाप्ता कनेक्शन लिये जाने के बावजूद अबतक वहां तक बजाप्ता बिजली तार नहीं लगाये जाने से लूंजपूंज तार से मोटर पंप चलाया जा रहा है। बिजली आपूर्ति की समय सीमा निर्धारित नहीं रहने से किसानों को बिजली के लिए इंतजार करना पड़ता है।
ऐसे में रात के अंधेरे में बिजली तार गिरे रहने का अहसास नहीं होने के कारण कभी किसान तो कभी पशु बिजली तार की चपेट में आ अपनी जान गंवा बैठते हैं। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस बावत मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मुआवजा उपलब्ध कराने की गुहार लगायी है।
भईया जी की रिपोर्ट