सावन के तीसरे सोमवार को बिहार में अलग—अलग हादसों में 14 लोगों की जान चली गई। लखीसराय में आज सुबह अशोकधाम मंदिर में हुई भगदड़ में 7 लोगों की मौत के बाद पटना के बख्तियारपुर स्थित रानीसराय जहाज गंगा घाट पर 7 लड़कियों की गंगा स्नान के दौरान डूबने से मौत की खबर है। वहां सोमवारी के अवसर पर कुल सात किशोरियां स्नान करने गईं थीं। लेकिन वे सभी नदी की तेज धार में डूबने लगीं। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन को सुरक्षित बचा लिया, जबकि तेज बहाव में चार लड़कियां बह गईं। अब तक 2 शव बरामद किये जा चुके हैं, जबकि शेष की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार गंगा घाट पर स्नान कर रही सात किशोरियों में से दो सगी बहनें अचानक नदी की तेज धार में बहने लगीं। उन्हें बचाने के प्रयास में दो अन्य लड़कियां भी पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं।
क्रुद्ध लोगों ने एनएच किया जाम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह 3 किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, तेज धार में बही 4 अन्य लड़कियों में से 2 के शव बरामद कर लिये गए हैं। जबकि बाकी 2 का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है और उनकी तलाश लगातार जारी है। इधर इस घटना से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-बाढ़ NH 31 को पूरी तरह से जाम कर दिया जिससे सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बाधित है। सड़क पर दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई है। हादसे में तीन सगे भाइयों की चार बेटियां डूबी जिनमें 2 के शव अब तक बरामद किये गए हैं। मौके पर एसडीआरएफ की दो टीमें गोताखोरों की मदद से लापता 2 बच्चियों की तलाश में जुटी हैं।
कटिहार में नदी में डूबे 3 बच्चे
उधर आज सोमवार को ही कटिहार के फलका थाना क्षेत्र में भी कमला नदी में गए 7 बच्चों के साथ बड़ा हादसा हुआ। यहां कमला नदी में सोमवारी पर बाबा भोले नाथ पर चढ़ाने के लिए जल भरने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ बच्चे भी मौजूद थे। इसी दौरान सात बच्चे नदी में नहाने लगे। नहाते समय सभी बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की और चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन इस दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चों को कोढ़ा अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक नदी का जलस्तर पहले से बढ़ा हुआ था। नहाने के दौरान बच्चों का पैर फिसला और वे गहरे पानी में चले गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।