अरवल – 15 अगस्त के पावन अवसर पर मेहंदिया स्थित विजन वर्ल्ड अकादमी में स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद राष्ट्रगान गाया गया और पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय के नर्सरी क्लास से लेकर उच्च कक्षाओं तक के सभी बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें देखकर उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे। इसके अतिरिक्त बच्चों द्वारा कारगिल युद्ध, आपरेशन सिंदूर सहित देश में घटित अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं तथा आतंकवादी घटनाओं पर आधारित विशेष नाटकों का भी मंचन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
पूरा कार्यक्रम देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक अजीत कुमार ने सभी बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और ऐसे आयोजनों से उनमें देशभक्ति, अनुशासन एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होता है। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट