नवादा : जिले की नारदीगंज थाना क्षेत्र के नारदीडीह गांव में घर में घुसकर लूटपाट का विरोध करना बृद्धा को भारी पड़ा। लूटेरों ने बृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने नारदीगंज-राजगीर पथ को घंटों जाम रखा। घटना के वक्त घर में बृद्धा अकेली थी। बताया जाता है कि स्व. मुन्नी मिस्त्री की पत्नी 60 वर्षीय राजकुमारी देवी घर में अकेली रहती है। मौका पाकर घर के अंदर लूटेरे प्रवेश कर गये तथा लूटपाट के क्रम में वृद्धा की निंद खुल गयी। उन्होंने लूटपाट का विरोध करना आरंभ कर दिया। विरोध करने पर लूटेरों ने गला दबाकर हत्या कर दी।
शोर सुनकर ग्रामीण घर की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आते देख लूटेरे सामान लेकर फरार हो गए लेकिन भागने के क्रम में एक मोटरसाइकिल व चप्पल वहीं छोड़ गये। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच मामले की जांच आरंभ कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को नारदीगंज – राजगीर पथ पर रखकर जाम कर दिया। ग्रामीण बरामद मोटरसाइकिल व चप्पल के आधार पर लूटेरों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। बाद में अधिकारियों के काफी अनुनय के बाद जाम वापस लिया जा सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक जांच टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर बरामद मोटरसाइकिल व चप्पल के आधार पर अग्रेत्तर कार्रवाई आरंभ कर दी है। घर से बाहर रह रहे दोनों पुत्रों व अन्य परिजनों को घटना की सूचना दी गयी है। पुत्र व परिजनों के आने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। फिलहाल कितनी और कौन कौन सामानों की लूट हुई इसका आकलन नहीं हो सका है। परिजनों के बयान के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
भईया जी की रिपोर्ट