नवादा : जिले के अतिसंवेदनशील माने जाने वाले अकबरपुर थाना में पदस्थापित थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिन्हा के स्थानांतरण के बाद थाना परिसर में सादगी व तड़क भड़क से कोसों दूर भावुक विदाई समारोह का आयोजन कर थानाध्यक्ष की विदाई दी, जिसमें थाना में पदेन पदाधिकारी/कर्मियों समेत क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने इंस्पेक्टर रूपेश कुमार सिन्हा को फूल-माला पहनाकर, अंगवस्त्र (शॉल) और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके सफल कार्यकाल की सराहना की और भावभीनी विदाई दी।
क्षेत्रवासियों ने इनके कार्यकाल को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अकबरपुर में कानून का राज स्थापित कर गरीबों के दिलों पर राज किया। वे केवल एक सख्त पुलिस अधिकारी ही नहीं, बल्कि आम जनता के लिए एक संवेदनशील मित्र भी थे। उन्होंने दबे-कुचले लोगों की फरियाद को हमेशा प्राथमिकता दी और कई जटिल मामलों का शांतिपूर्ण समाधान निकाला। अपने कार्यकाल में बिचौलियों व माफियाओं को कभी थाना परिसर में फटकने तक नहीं दिया। यही कारण रहा कि उनकी विदाई समारोह में माफियाओं ने न अपनी उपस्थिति दर्ज कराई न बाजे गाजे बजे न ही वाहनों के काफिले के साथ विदाई दी गयी।
और तो और पहली बार कोई थानाध्यक्ष एकमात्र अपनी निजी वाहन से पटना के लिए रवाना हो गए। उन्होंने थाने के किसी वाहन या अधिकारियों से बाजार तक छोड़ने से मना कर एक उदाहरण पेश कर विदा हो गए। मौके पर पूर्व पैक्स अध्यक्ष राजीव कुमार बावी, विजय यादव, पूर्व मुखिया कारु माली, पत्रकार सह बलिया बुजुर्ग पैक्स अध्यक्ष राकेश कुमार उर्फ तालो, मनोज कुमार, अनिल कुमार, समेत प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई अलका कुमारी समेत थाना में पदस्थापित सभी अधिकारी, पुलिस के जवान व चौकीदार आदि मौजूद थे।
भईया जी की रिपोर्ट