नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर पंचायत स्थित सफीगंज गांव निवासी मोहम्मद फिरोज आलम हत्याकांड में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किये गये हैं। पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि 28 जून 2026 को वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सफीगंज गांव निवासी मोहम्मद फिरोज आलम की हत्या कर उनका शव मकनपुर गांव के बाहर तालाब के पास फेंक दिया गया था।
घटना के बाद मृतक फिरोज आलम की पत्नी फिरदौस परवीन ने वारिसलीगंज थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी थी। पुलिस ने मामले का अनुसंधान शुरू किया और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस जांच के दौरान हत्या मामले में मसूदा गांव निवासी जगदीश यादव के पुत्र वीरेंद्र यादव का नाम सामने आया। गुप्त सूचना के आलोक में की गयी छापामारी व तलाशी के क्रम में अवैध पिस्टल के साथ दो जिंदा कारतूस बरामद होते ही गिरफ्तार कर लिया। इस बावत आर्म्स मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट