नवादा : जिले से 60 साल का अधेड़ महादलित महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला मजदूरी मांगने गई थी तभी आरोपी ने उसे कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला को बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विलोचन सिंह को मंगलवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया ।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़ित महिला के घरवालों के अनुसार, महिला धान रोपनी की मजदूरी मांगने के लिए 40 साल के आरोपी विलोचन सिंह के घर गई थी। तभी आरोपी ने महिला को अपने घर के अंदर बुलाया और मजदूरी देने के बहाने कमरे में ले गया। वहां जाते ही आरोपी ने कमरा बंद कर महिला से दुष्कर्म किया।
शाम तक महिला के घर नहीं लौटने पर उसकी बहू और ननद उसे खोजने निकलीं। आरोपी के घर पहुंचने पर महिला बेसुध पड़ी मिली। परिजन उसे घर लेकर पहुंचे और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां महिला की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पावापुरी विम्स रेफर कर दिया। पीड़िता की बहू के बयान पर मुफस्सिल थाने में दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव धीमान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष संजीत सिंह के नेतृत्व में आरोपी की मेडिकल जांच कराई जा रही है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़िता का न्यायालय में बयान दर्ज कराया जाएगा, जिसके आधार पर अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट