नवादा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को सुदृढ़ करने तथा आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना से जोड़ने के उद्देश्य से 12 अगस्त 2026 को नवादा में “हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम 2026” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम डॉ० संतोष कुमार सुमन, माननीय मंत्री, लघु जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, नवादा जिला के नेतृत्व में प्रातः 10:00 बजे जिला अतिथि गृह, नवादा से तिरंगा यात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा जिला अतिथि गृह से प्रारंभ होकर अम्बेदकर पार्क (कलेक्ट्रेट गेट) तक जाएगी।
तिरंगा यात्रा में जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, युवा, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट, स्काउट एवं गाइड, स्वयं जीविका दीदियां तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता होगी। यात्रा के दौरान लोगों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 में “हर घर तिरंगा” अभियान का आयोजन 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है।
इस दौरान देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ जुड़ने, अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा विभिन्न तिरंगा आधारित गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्रीय गौरव, देशभक्ति एवं नागरिक सहभागिता का व्यापक उत्सव बनाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि “हर घर तिरंगा” अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा तिरंगे के सम्मान एवं गरिमा का पूरा ध्यान रखें।
जिला प्रशासन ने सभी जिलेवासियों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि दिनांक 12 अगस्त 2026 को आयोजित तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें तथा “हर घर तिरंगा” अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
भईया जी की रिपोर्ट