नवादा : बुद्धिजीवी विचार मंच के बैनर तले जिले के नरहट प्रखंड स्थित तारोपुर ग्राम के शांति नगर टोला में शिक्षा जागरूकता हेतु प्रभातफेरी निकाली गई। यह इस टोले में आयोजित पहली प्रभातफेरी थी। शांति नगर एक नव-निर्मित टोला है, जहाँ सिर्फ “रजवार” जाती के लोग निवास करते हैं। इस टोले को बहुत ही सुव्यवस्थित ढंग से बसाया गया है। यहाँ बिजली, पानी, सड़क और सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं की अच्छी व्यवस्था दिखाई देती है। लेकिन इन तमाम सुविधाओं के बीच एक बड़ी कमी स्पष्ट रूप से दिखाई दी—बच्चों की शिक्षा। यही वह बिंदु है, जिसने अभियान को और भी महत्वपूर्ण बना दिया।
जब किसी बस्ती में बिजली, पानी, सड़क और भवन की व्यवस्था हो सकती है, तो वहाँ के हर बच्चे के हाथ में किताब और हर बच्चे का स्कूल तक पहुँचना भी सुनिश्चित होना चाहिए। यह अत्यंत दुःखद है कि आज भी समाज के कुछ वर्गों के बच्चों की शिक्षा को वह महत्व नहीं मिल पा रहा है, जिसके वे वास्तविक हकदार हैं। बुद्धिजीवी मंच का प्रयास है कि कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और कोई माता-पिता अपने बच्चे को स्कूल भेजने से पीछे न हटें। प्रभातफेरी में गीत, नारों और जन-जागरूकता के माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
राजू रंजन कुमार जी एवं दिलीप पासवान जी ने गीतों के माध्यम से वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। अभियान में संयोजक अबधेश कुमार, रामबिलास यादव, राजू रंजन कुमार, मथुरा पासवान, दिलीप पासवान, व्यास यादव सहित मंच के अन्य सदस्यों ने भाग लिया। सबसे सुखद बात यह रही कि टोले के लगभग सभी छोटे बच्चे, महिलाएँ और बुजुर्ग इस मुहिम से जुड़े और प्रभातफेरी में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम को बेहद सुंदर, प्रभावशाली और उत्साहवर्धक बना दिया।
भईया जी की रिपोर्ट