अररिया पुलिस महकमे में तब हड़कंप मच गया जब पूर्णिया प्रक्षेत्र के आईजी के निर्देश पर जिले के एसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धंधे में लिप्त 4 थानेदारों पर कड़ा ऐक्शन किया। इनमें दो थाना प्रभारियों को निलंबित किया गया है, जबकि दो को लाइन हाजिर किया गया है। सबसे बड़ी कार्रवाई जोगबनी थानेदार महादेव कामत पर की गई। उन्हें नारकोटिक्स तस्कर से कथित मिलीभगत के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया। वहीं कुआड़ी थाने के एसएचओ राजू कुमार को एक महिला सिपाही से अवैध संबंध के चलते निलंबित किया गया हैं। जबकि बरदाहा और मदनपुर के थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर किया गया है।
सबसे गंभीर मामला जोगबनी थाना प्रभारी महादेव कामत का है जिन्हे नशीले पदार्थों के एक बड़े तस्कर के साथ कथित मिलीभगत के आरोप में निलंबित किया गया है। एसपी के मुताबिक थाना प्रभारी ने मादक पदार्थ के एक बड़े तस्कर को गिरफ्तार किया था, लेकिन गिरफ्तारी के बाद केस डायरी नहीं लिखी गई और आगे की जरूरी कार्रवाई भी नहीं की गई। पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही माना। वहीं कुआड़ी थाना प्रभारी राजू कुमार पर एक महिला सिपाही के साथ कथित अनैतिक आचरण का आरोप लगा है। एसपी ने इस मामले में भी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।
इसके अलावा कर्तव्य के प्रति सजग नहीं रहने के आरोप में बरदाहा थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार सिंह और मदनपुर थाना प्रभारी शमसुद्दीन अंसारी को लाइन हाजिर किया गया है। बरदाहा थाना क्षेत्र में हाल में पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 48.45 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। अररिया एसपी ने कहा कि किसी भी थानेदार या पुलिसकर्मी की अपराधियों के साथ सांठ-गांठ सामने आती है या कोई पुलिस अधिकारी अपने कर्तव्य में लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।