नवादा : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA), नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन में आगामी 12 सितम्बर, 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यवहार न्यायालय, स्थित लाइब्रेरी हॉल में जिले के थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री अरविन्द कुमार ने की।
बैठक के दौरान विभिन्न थानों द्वारा प्रस्तुत नोटिस तामिला प्रतिवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिन थानों में नोटिसों का तामिला अपेक्षाकृत कम पाया गया, उनके थाना प्रभारियों को शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता काफी हद तक निर्गत नोटिसों के प्रभावी एवं समयबद्ध तामिला पर निर्भर करती है। इसलिए सभी थाना प्रभारी अधिक से अधिक नोटिसों का तामिला कराते हुए संबंधित पक्षकारों को लोक अदालत में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पंचायत एवं ग्राम स्तर पर समन्वय स्थापित कर पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों से अवगत कराया जाए, ताकि अधिकाधिक सुलहनीय वादों का निष्पादन आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जा सके। साथ ही संबंधित थानों को तामिला प्रतिवेदन समय पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में माननीय उच्चतम न्यायालय के तत्वावधान में आयोजित होने वाले समाधान समारोह से संबंधित निर्गत नोटिसों के तामिला पर भी विशेष बल दिया गया। उपस्थित थाना प्रभारियों को बताया गया कि पात्र पक्षकार अपने मामलों का निष्पादन समाधान समारोह के माध्यम से भी करा सकते हैं। बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री अरविन्द कुमार के अतिरिक्त पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) तथा जिले के सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट