अरवल -प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की समीक्षा बैठक जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया। जिसमें उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं ऋण स्वीकृति की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योग आधारित योजनाओं का उद्देश्य जिले के युवाओं, महिलाओं एवं उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। इसलिए सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना अंतर्गत प्राप्त कुल 19 आवेदन पत्रों पर विचार किया गया, जिनमें से 17 लाभुकों के आवेदन स्वीकृत किए गए। इन स्वीकृत लाभुकों को विभिन्न बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने खाद्य प्रसंस्करण एवं सूक्ष्म उद्यमों की स्थापना एवं विस्तार कर सकेंगे। जिला पदाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करते हुए ऋण वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें तथा योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं पात्र लाभुकों तक पारदर्शी ढंग से पहुँचाना सुनिश्चित करें।
साथ ही उद्योग विभाग के अधिकारियों को योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं इच्छुक उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि उद्योग एवं स्वरोजगार आधारित योजनाओं का सफल क्रियान्वयन जिले के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। सभी संबंधित विभाग एवं बैंक आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करें। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकरी, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, के साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट