पटना/बाढ़: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद Nitish Kumar गुरुवार को भाजपा के पूर्व विधायक Gyanendra Kumar Singh के साथ बाढ़ स्थित प्रसिद्ध उमानाथ महादेव मंदिर-घाट पहुंचे। उन्होंने भगवान उमानाथ महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
श्रावण मास के प्रथम दिन मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, एनडीए कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय लोग मौजूद थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने वाहन से उतरकर लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और निरीक्षण के बाद बिना किसी सार्वजनिक संबोधन के पुनः अपने वाहन से वापस रवाना हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जद(यू) के वरिष्ठ कार्यकर्ता, एनडीए समर्थक तथा स्थानीय लोग घंटों तक फूल-मालाएं और बुके लेकर प्रतीक्षा करते रहे। हालांकि उन्हें उनसे मिलने या स्वागत करने का अवसर नहीं मिल सका, जिससे कई कार्यकर्ताओं में निराशा देखी गई।
मौके पर मौजूद कुछ मीडियाकर्मियों का कहना था कि सुरक्षा व्यवस्था के कारण उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री के पूजा-अर्चना एवं निरीक्षण कार्यक्रम का निकट से कवरेज करने या उनसे बातचीत करने का अवसर नहीं मिला। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार पूर्व में बाढ़ लोकसभा क्षेत्र से लगातार पांच बार सांसद रह चुके हैं तथा केंद्र सरकार में विभिन्न मंत्रालयों का दायित्व भी संभाल चुके हैं। इसलिए उनके आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह था।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद की ओर से स्वागत की तैयारियां भी की गई थीं। फूल-मालाएं, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य इंतजाम किए गए थे, लेकिन कार्यक्रम संक्षिप्त रहने के कारण अधिकांश कार्यकर्ता स्वागत नहीं कर सके। इसको लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं होती रहीं।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसडीओ गरिमा लोहिया, सीओ, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं जवान तैनात रहे। इस अवसर पर जद(यू) नेता प्रो. शंकर सिंह, किसान प्रकोष्ठ के नेता मनोज कुमार, अशोक चंद्रवंशी, सभापति संजय कुमार उर्फ गाय माता, उपसभापति प्रतिनिधि रवि विद्यार्थी, रंजन कुमार सिंह, राणा उदय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट