नवादा : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में दिनांक 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन तथा श्री अरविन्द कुमार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के नेतृत्व में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, एवं पुलिस उपाधीक्षक यातायात सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। विशेष रूप से ट्रैफिक चालान से संबंधित वादों के अधिकाधिक निष्पादन के उद्देश्य से परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि चालान संबंधी मामलों में अधिक से अधिक पक्षकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी थाना अध्यक्षों को शत-प्रतिशत नोटिसों का तामिला कराने का निर्देश जारी किया गया है।
नोटिसों का वितरण संबंधित थानों के माध्यम से कराया जा रहा है, ताकि अधिकाधिक वादों का सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निपटारा राष्ट्रीय लोक अदालत में संभव हो सके। बैठक में न्यायमंडल के न्यायिक पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं बेहतर प्रदर्शन को लेकर आवश्यक विचार-विमर्श किया गया। साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के साथ ट्रैफिक चालान से संबंधित वादों के निष्पादन की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बताया कि इस बार ट्रैफिक चालान से संबंधित अधिकाधिक मामलों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पक्षकारों को नोटिस निर्गत करने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही नोटिसों के तामिला एवं पक्षकारों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु पारा विधिक स्वयंसेवकों (PLVs) की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि जिनके मामले राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित हैं, वे निर्धारित तिथि 12 सितम्बर 2026 को उपस्थित होकर आपसी सहमति के आधार पर अपने मामलों का त्वरित, सरल एवं कम खर्च में निस्तारण कर सकते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट