गोपालगंज। बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के गृह जिले गोपालगंज के थावे प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्यारेपुर से सुरक्षा और व्यवस्था को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है। विद्यालय परिसर में घुसकर एक कथित भूमिदाता ने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी और स्कूल के दो कमरों में ताला जड़ दिया। इस दबंगई के कारण स्कूल का पठन-पाठन पूरी तरह बाधित हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।
घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद से ही स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) अमरेंद्र कुमार पांडे ने संज्ञान लिया है। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को आरोपी के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने का कड़ा निर्देश दिया है।
वहीं, कमरों में ताला लगाए जाने की जांच के लिए प्रखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच जारी है, लेकिन इस घटना ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।