पटना। बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आज (मंगलवार) शाम 5:00 बजे चुनाव प्रचार का शोर पूरी तरह थम जाएगा। बीजेपी का गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय नजर आ रहा है। मुख्य लड़ाई बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, आरजेडी की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर के बीच मानी जा रही है।
प्रचार के अंतिम चरण में दिग्गजों ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। बीते सोमवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाया, तो वहीं आरजेडी प्रत्याशी की जीत के लिए तेजस्वी यादव ने मोर्चा संभाला। दूसरी ओर, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर बीते कई दिनों से लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।
मालूम हो कि बांकीपुर के कुल 3,79,616 मतदाता है जो आगामी 30 जुलाई को सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव मैदान में कुल 25 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। एक ईवीएम में अधिकतम 16 प्रत्याशियों का नाम ही दर्ज हो सकता है, इसलिए प्रशासन ने सभी 422 मतदान केंद्रों पर दो-दो ईवीएम लगाने की व्यवस्था की है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह पटना डीएम कुंदन कुमार ने चुनाव कार्य में लगे सभी पदाधिकारियों को पूरी तरह निष्पक्ष रहकर काम करने की हिदायत दी है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, मतदान कर्मियों को एक दिन पूर्व यानी बुधवार को ही अपने-अपने बूथों पर पहुंचना होगा और रात में वहीं ठहरना होगा, ताकि मतदान समय पर शुरू कराया जा सके। सेक्टर अफसरों को बूथों पर ही कर्मियों के रहने और खाने-पीने का पुख्ता इंतजाम करने के आदेश दिए गए हैं।
इस एकल सीट के चुनाव पर एनडीए समेत सभी प्रमुख दलों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। मतदान के बाद 3 अगस्त (सोमवार) को पटना के एएन कॉलेज में सुबह 8:00 बजे से मतगणना शुरू होगी और दोपहर तक बांकीपुर के नए विधायक का फैसला हो जाएगा।