नवादा : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र की पेश पंचायत अंतर्गत दुर्गापुर पेश गांव में ई-रिक्शा चार्ज करने के दौरान करंट लगने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी सीताराम प्रसाद यादव के पुत्र मोनू कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोनू कुमार अपने ई-रिक्शा को चार्ज में लगा रहा था, तभी अचानक बिजली करंट की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने बताया कि चार्जिंग के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन से जुड़े करंट का झटका लगने के कारण उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसा इतना अचानक और गंभीर था कि किसी को उसे बचाने का मौका तक नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही नारदीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट