नवादा : जिले की अकबरपुर पुलिस ने चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर वाहन चोर गिरोह के संभावित नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद ग्लैमर बाइक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मुसहर टोली के पास गश्ती के दौरान पुलिस को देखकर अलखडीहा निवासी मोनू कुमार बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। जांच में बाइक के आगे नंबर प्लेट नहीं मिली, जबकि पीछे लगी नंबर प्लेट संदिग्ध प्रतीत हुई। कागजात मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बोलेरो का निकला बाइक पर लगा नंबर
जिला परिवहन कार्यालय से सत्यापन कराने पर पता चला कि बाइक पर लगा BR 27 C 9661 नंबर किसी मोटरसाइकिल का नहीं, बल्कि जमुई जिले में पंजीकृत एक महिंद्रा बोलेरो का है। जांच के दौरान बाइक का इंजन नंबर घिसा हुआ मिला और चेसिस नंबर भी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं पाया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है और उसकी पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था। पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वाहन चोर गिरोह की जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में अकबरपुर थाना कांड संख्या 361/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है या नहीं तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
भईया जी की रिपोर्ट