नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरकोली समेकित जांच चौकी पर जिला प्रशासन ने अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई की। जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय और रजौली अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन के नेतृत्व में चलाए गए औचक छापेमारी अभियान से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
एक ही ई-चालान पर हो रहा था कई बार परिवहन
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन एवं परिवहन की लगातार मिल रही गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान कोडरमा की ओर से आ रहे गिट्टी लदे चार वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया। चालक अंधेरे और स्थानीय भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बलों की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया।
भौतिक जांच में पाया गया कि वाहन संख्या जे एच 12 ई 9990, जे ए च 12 पी 1864, जे एच 02 बीडब्ल्यू 8119 और बी आर 27 जी बी 8136 के चालक एवं मालिक मध्य प्रदेश के ई-खनिज पोर्टल से जारी एक ही ई-चालान और अंतरराज्यीय ट्रांजिट पास का उपयोग कर अवैध रूप से एक से अधिक बार खनिज का परिवहन कर रहे थे। इसकी पुष्टि करिगवां टोल प्लाजा की आवागमन रिपोर्ट से भी हुई।
कोयला लदा वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान बिना वैध दस्तावेज के पकड़े गए कोयला लदे वाहन जे एच 09 बी ई 5396 जब्त किया गया। उक्त वाहन पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
52 लाख जुर्माना, एफआईआर दर्ज
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर गिट्टी लदे चारों वाहनों और उनमें लदे खनिज के एवज में करीब 52 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सभी संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध बिहार खनिज नियमावली एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट