नवादा : जिले के रजौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विमल राजवंशी ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का ध्यान रजौली, सिरदला एवं मेसकौर प्रखंडों के विभिन्न जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों पर राज्य खाद्य निगम के गोदामों से सड़ा, बदबूदार, कीटयुक्त एवं मानकविहीन खाद्यान्न की आपूर्ति की ओर आकृष्ट कराया है। इस संबंध में उन्होंने बिहार विधानसभा में नियम-104(3) के तहत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया है।
विधायक विमल राजवंशी ने कहा कि गरीब एवं अंत्योदय परिवारों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाने वाला राशन यदि सड़ा एवं खाने योग्य नहीं होगा, तो यह केवल जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं बल्कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न है। अनेक लाभुकों एवं पीडीएस विक्रेताओं से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि गोदाम से ही निम्न गुणवत्ता का खाद्यान्न भेजा जा रहा है, जिससे लोगों में भारी असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी गोदाम प्रबंधकों, परिवहन एजेंसियों, गुणवत्ता जांच से जुड़े अधिकारियों एवं अन्य जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध कड़ी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही सभी पीडीएस दुकानों से खराब खाद्यान्न तत्काल हटाकर उसके स्थान पर मानक गुणवत्ता वाला खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, ताकि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के स्वास्थ्य और अधिकारों की रक्षा हो सके। विमल राजवंशी ने कहा कि विधानसभा में जनता से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाया गया है और वे तब तक प्रयासरत रहेंगे जब तक रजौली विधानसभा के प्रत्येक लाभुकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध नहीं हो जाता।
भईया जी की रिपोर्ट