नवादा : जिला कांग्रेस कमिटी ने जिलाध्यक्ष प्रभाकर झा के नेतृत्व में दिल्ली में जंतर मंतर पर संसद का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं पर दिल्ली पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्ण लाठी चार्ज के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर जन आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शन जिला कांग्रेस कार्यालय से चलकर जुलूस की शक्ल में धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो का नारेबाजी करते भगत सिंह चौक होते हुए प्रजातंत्र चौक पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को नमन कर समाप्त हुआ।
इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रदर्शन के बाद बाबा साहब के प्रांगण में नुक्कड़ सभा की गई। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रभाकर झा ने कहा कि राहुल गांधी के साथ दुर्व्यवहार और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बर्बरतापूर्ण लाठी चार्ज करना भाजपा सरकार की दमनकारी नीति को दर्शाता है। श्री झा ने कहा कि केंद्र में बैठी भाजपा सरकार लोकतंत्र पर हमला कर गला घोट रही है और विपक्ष एवं आम जनता की आवाज को लाठी तथा बंदूक के बल पर दबाना चाहती है।
देश के युवा, छात्र और किसान अब मोदी सरकार के झांसे में आने वाले नहीं है तथा मोदी सरकार के जुमलेबाजी को समझकर अब उसके विरुद्ध खड़े हो गए हैं तथा सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। श्री झा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
मौके पर प्रदेश डेलिगेट बलिराम सिंह, अरुण कुमार, जिला युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, संदीप पासवान, संजय सिंह, इंटक जिला अध्यक्ष मनीष कुमार,औ जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष गोपाल कुमार, विपिन कुमार एवं प्रमोद कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट