-कई रेल परियोजनाओं पर की चर्चा, सौंपा मांग पत्र
नवादा : भाजपा नेता एवं नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने दिल्ली में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार मुलाकात कर नवादा लोकसभा में रेल संपर्कता एवं यात्री सुविधा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा किया। सांसद विवेक ठाकुर ने रेलमंत्री से नवादा-पावापुरी नई रेल लाइन, नवादा-गिरिडीह नई रेल लाइन, नवादा-जमुई-बांका नई रेल लाइन, निर्माणाधीन तिलैया – कोडरमा नई रेल लाइन के साथ साथ तिलैया – बख्तियारपुर रेल लाइन के दोहरीकरण पर समीक्षात्मक चर्चा की।
ठाकुर ने मुख्य रूप से तिलैया जंक्शन के समीप अतिआवश्यक पीट लाइन का जल्द से जल्द निर्माण का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने नई दिल्ली – गोड्डा साप्ताहिक हमसफर एक्सप्रेस का सप्ताह में कम से कम दो दिन परिचालन करने का आग्रह किया। सांसद ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए नवादा-बरबीघा-पटना रेलखंड पर एक और नई ट्रेन का आग्रह किया। वारिसलीगंज स्टेशन पर गोड्डा – दौराई साप्ताहिक एक्सप्रेस एवं ओड़ो जगदीशपुर स्टेशन पर दानापुर इंटरसिटी के ठहराव का आग्रह किया। साथ ही ग्राम नंदपुर (नारदीगंज) के समीप रेलवे हॉल्ट निर्माण का आग्रह किया।
सांसद विवेक ठाकुर ने उपरोक्त के साथ-साथ रेलमंत्री को दिए गए अपने पूर्व के आग्रहों एवं स्टेशनों पर ट्रेन ठहराव के सुझाव पर भी उनका ध्यानाकृष्ट कराया। उन्होंने कहा इन सभी प्रस्तावों का प्रभाव विकसित नवादा की दिशा में काफी व्यापक होने वाला है। हमारा संकल्प है, हर गांव – हर क्षेत्र तक रेल सुविधा का विस्तार और जनसुविधा में निरंतर सुधार हो।
भईया जी की रिपोर्ट