पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार का राजनीतिक तापमान अचानक चढ़ गया है। भोजपुरी स्टार और गायक खेसारी लाल यादव द्वारा जन सुराज प्रत्याशी और पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर के समर्थन में दिए गए बयान से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सहयोगी दल भड़क गए हैं। RJD की सहयोगी इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी (IIP) के अध्यक्ष और सहरसा से विधायक आईपी गुप्ता ने खेसारी लाल के इस कदम पर तीखी नाराजगी जताते हुए उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की मांग की है।
मीडियाकर्मियों से बातचीत में आईपी गुप्ता ने कहा कि खेसारी लाल जब भी संकट में रहे, RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने हमेशा उनका साथ दिया और उनका मनोबल बढ़ाया। पार्टी ने उन्हें चुनाव का टिकट दिया, लेकिन इसके बावजूद किसी अन्य दल के उम्मीदवार का प्रचार करना पार्टी निष्ठा के सीधे खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भले ही मैं RJD का प्रत्यक्ष सदस्य नहीं हूं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विदेश से लौटते ही उनसे मिलकर सख्त कार्रवाई की मांग करूंगा। अगर मैं खुद RJD में होता तो साफ कह देता कि या तो खेसारी लाल पर कार्रवाई हो या फिर मैं पार्टी छोड़ दूंगा। यह सीधा-सीधा पार्टी अनुशासन से जुड़ा मामला है।”
मालूम हो कि, एक दिन पहले खेसारी लाल यादव ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की तारीफ करते हुए बांकीपुर के मतदाताओं से उनके पक्ष में वोट करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि प्रशांत किशोर एक पढ़े-लिखे और योग्य व्यक्ति हैं, इसलिए जनता को अपने बच्चों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें मौका देना चाहिए। वैसे, खेसारी लाल यादव पहले भी राजनीति से दूरी बनाने की बात कह चुके हैं, ऐसे में फिलहाल यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि वे वर्तमान में RJD के औपचारिक सदस्य हैं या नहीं। हालांकि, RJD गठबंधन के भीतर से उठी इस कार्रवाई की मांग ने बांकीपुर उपचुनाव के बीच सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।