पटना/समस्तीपुर : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘माय भारत’ कार्यक्रम के तहत समाहरणालय परिसर में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला युवा अधिकारी एवं जिला सलाहकार समिति की सचिव विजेता मजूमदार, जीएम, डीआईसी सह जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा, जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल आनंद, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, डीएम कार्यालय के उदय शंकर, जिला गंगा समिति के डीपीओ नीरजेश कुमार, समस्तीपुर कॉलेज की एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शालिनी कुमारी भवांशिका तथा एसडब्ल्यूओ मणिभूषण ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला युवा अधिकारी विजेता मजूमदार ने ‘माय भारत’ के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से दी। इसके बाद समिति के सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी एक माह के भीतर दो लाख से अधिक युवाओं को ‘माय भारत’ समस्तीपुर से जोड़ना, उन्हें विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट