– कलयुगी पत्नी पर लगा पति की हत्या का आरोप, पत्नी हिरासत में
नवादा : जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां गांव में एक व्यक्ति का शव मूंग के खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दरावां गांव निवासी संजय महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी मंजू देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पत्नी की निशानदेही पर मिला शव
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद संजय महतो की पत्नी मंजू देवी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया,। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मूंग के खेत से संजय महतो का शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
शुक्रवार की बताई जा रही है घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार, संजय महतो मूल रूप से सीमावर्ती जमुई जिला के आढ़ा गांव के निवासी थे और बाद में दरावां गांव में आकर बस गए थे। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि घटना शुक्रवार की है, जबकि शव शनिवार को बरामद किया गया। शव के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच
प्रथम दृष्टया मामले में विभिन्न आशंकाएं जताई जा रही हैं, जिनमें कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा भी शामिल है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने से पहले किसी भी कारण की पुष्टि करना उचित नहीं होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट