पटना/घोसवरी : पटना जिले के घोसवरी प्रखंड में शनिवार को आयोजित जद(यू) कार्यकर्ता सम्मान समारोह का उद्घाटन मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “जनता जब-जब बुलाएगी, तब-तब हम आएंगे। जनता ही मालिक है, हमें किसी बात की कोई टेंशन नहीं है।”
विधायक अनंत कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं से जद(यू) संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए कार्य करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी कार्य या समस्या के समाधान के लिए वे हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहेंगे तथा समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक अनंत कुमार सिंह के पुत्र एवं युवाओं के बीच लोकप्रिय अभिषेक सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “हम काम करने में विश्वास रखते हैं।”समारोह की अध्यक्षता घोसवरी प्रखंड जद(यू) अध्यक्ष परशुराम पारस ने की। उन्होंने विधायक अनंत कुमार सिंह का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत एवं सम्मान किया। साथ ही मंचासीन विधान पार्षद ललन प्रसाद, समाजसेवी संजय सिंह (सबनीमा) सहित अन्य अतिथियों को भी पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
समारोह में जद(यू) के बाढ़ संगठन जिला अध्यक्ष मयंक राज, अरुण साहनी, मिथिलेश कुमार, रामबालक प्रसाद, हर्षित महतो, परमानंद कुमार, राजेश कुमार, विनय कुमार, उदय कुमार, पिंटू यादव सहित कुल 38 जद(यू) कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड उपाध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार ने किया। समारोह में जद(यू) कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट