पटना/बाढ़ : बिहार सरकार द्वारा राज्य में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जा रहा है, इसके बावजूद आए दिन पुलिस द्वारा भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की जा रही है। एसडीपीओ, बाढ़-1 रामकृष्ण ने अनुमंडल के सभी थाना प्रभारियों को शराबबंदी कानून का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने तथा शराब तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एक ओर पुलिस लगातार शराब तस्करों पर शिकंजा कस रही है, वहीं दूसरी ओर तस्कर पड़ोसी राज्यों से शराब की खेप बिहार पहुंचाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं।
इसी क्रम में पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मरांची थाना क्षेत्र में मद्यनिषेध एवं राज्य उत्पाद नियंत्रण ब्यूरो से प्राप्त सूचना के आधार पर मरांची थानाध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व में, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गठित टीम ने जियो पेट्रोल पंप के समीप एक उजला पिकअप वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान कच्चे केले की खेप के नीचे छिपाकर रखी गई किंगफिशर स्ट्रॉन्ग एवं क्लासिक प्रीमियम बीयर की 141 कार्टन, जिनमें कुल 3,384 बोतल (1,692 लीटर) शराब थी, बरामद की गई। मौके से पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के निवासी 21 वर्षीय चालक जसकरण जोशी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। मामले में शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
वहीं, अथमलगोला थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 95 लीटर देशी शराब के साथ एक बाइक जब्त कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी राहुल कुमार नवनीत ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी बंटी कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान गंगा नदी के किनारे धौंकल राय के टोला के पास बाइक से शराब की खेप डिलीवरी के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय निवासी चंदन कुमार तथा अथमलगोला थाना क्षेत्र के मीता सिंह टोला निवासी रंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही शराब और बाइक भी जब्त कर ली गई।
इसके अलावा, पटना पुलिस ने गत बुधवार को घोसवरी थाना क्षेत्र में आसूचना संकलन के आधार पर छापेमारी कर 1,034 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की थी। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल नेटवर्क की पहचान कर उनके विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट