नवादा : जिले के काशीचक प्रखंड क्षेत्र के भट्टा गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मामला तूल पकड़ लिया है। मृतका की पहचान करण कुमार की लगभग 25 वर्षीय पत्नी बबीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वर्ष 2019 में दोनों की शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी और उनका एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि बबीता देवी का अपने ससुराल में सास, ननद व अन्य परिजनों के साथ अक्सर विवाद होता था।
घटना के दिन उन्होंने अपने मायके फोन कर बताया था कि वह घर लौट रही हैं। लेकिन कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि बबीता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उन्होंने ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर बबीता की हत्या करने तथा लंबे समय से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि मृतका का पति बाहर प्रदेश में काम करता है और उसने भी पत्नी को मायके जाने की सलाह दी थी, लेकिन मायके पहुंचने से पहले ही यह घटना हो गई।
मायके वाले ने बताया कि मृतक महिला 5 महीना की गर्भवती थी। घटना की सूचना पर काशीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया फांसी लगाने की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट