नवादा : नवादा पुलिस ने अंतरराज्यीय अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए सदर अस्पताल से फरार बंदी प्रह्लाद कुमार सोनी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नवादा लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुनः न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, प्रह्लाद कुमार सोनी, जो नालंदा जिले का निवासी है, आर्म्स एक्ट के एक मामले में नामजद अभियुक्त था और मंडल कारा में न्यायिक हिरासत में बंद था। तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इसी दौरान उसने सुरक्षा व्यवस्था में चूक का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा दिया और अस्पताल से फरार हो गया। कैदी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। लंबे समय तक लगातार तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर उसकी तलाश जारी रही। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार बंदी प्रयागराज में छिपकर रह रहा है।
सूचना के आधार पर अनुसंधानकर्ता सब-इंस्पेक्टर सानू कुमार के नेतृत्व में नवादा पुलिस की विशेष टीम प्रयागराज पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नवादा लाया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा जेल भेज दिया गया। अंतरराज्यीय अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए सब-इंस्पेक्टर सानू कुमार और उनकी टीम की पुलिस विभाग एवं स्थानीय लोगों के बीच सराहना की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट