नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस स्टैंड से बाजार जाने वाली मच्छल हट्टा रोड स्थित श्याम ज्वेलर्स में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे पूरे व्यवसायिक वर्ग में हड़कंप मच गया है। दुकान संचालक पुरानी बस स्टैंड निवासी स्व. हरिकिशुन साव के पुत्र लक्ष्मण वर्मा दोपहर लगभग 12:00 बजे अपनी दुकान खोलकर रोजमर्रा की तरह दुकानदारी कर रहे थे, तभी एक अज्ञात शातिर युवक ग्राहक बनकर दुकान के भीतर दाखिल हुआ और सोने के लॉकेट दिखाने का आग्रह करने लगा।
दुकानदार लक्ष्मण वर्मा ने जैसे ही उसे दिखाने के लिए दस-बारह सोने के लॉकेटों से भरा डिब्बा निकाला, शातिर युवक लॉकेट देखने का बहाना बनाते हुए अचानक पूरा डिब्बा ही झपटकर रफूचक्कर हो गया। आसपास के लोगों और दुकानदार द्वारा शोर मचाए जाने पर कुछ स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भागते चोर का पीछा किया, परंतु शातिर अपराधी दीवार फांदकर गलियों के रास्ते चंपत होने में सफल रहा। पीड़ित दुकानदार लक्ष्मण वर्मा के अनुसार चोरी गए सोने के लॉकेटों की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आया और गश्ती दल के अधिकारी के. के. झा, डायल 112 की रिस्पॉन्स टीम तथा रजौली थाने से सब-इंस्पेक्टर अजय कुमार एवं एसआई सचिन कुमार दलबल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पूरे मार्ग का जायजा लिया जिधर चोर भागा था।
मामले की पुष्टि करते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष सह एसआई अजय कुमार ने बताया कि पीड़ित दुकानदार द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान सुनिश्चित की जा सके और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट