पटना/भागलपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के गोराडीह स्थित नवस्थापित राजकीय महाविद्यालय परिसर से राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उच्च शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, आधारभूत संरचना और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक है। राज्य सरकार उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक प्रखंड के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि बिहार की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को आधुनिक स्वरूप में पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए लगभग 220 एकड़ भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है और अगले एक वर्ष के भीतर विश्वविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय तथा भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। साथ ही राज्य में चार नए निजी विश्वविद्यालयों को भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा बिहार की समृद्धि का सबसे बड़ा आधार बनेगी और राज्य को ज्ञान तथा नवाचार का केंद्र बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु को हर हाल में 30 नवंबर तक पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा। भागलपुर में लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उन्हें रोजगार के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से राज्य लौटकर विकास में भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उद्योग स्थापना के लिए भूमि, बिजली और पानी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में राशि भेजी जा चुकी है तथा शेष पात्र महिलाओं को 25 जुलाई तक राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
पर्यटन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर लंबी गंगा मरीन ड्राइव का निर्माण शुरू हो चुका है, जिसे आगे सबौर से राजमहल सीमा तक विस्तारित किया जाएगा। कहलगांव स्थित बटेश्वर धाम मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोपवे का निर्माण भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि भागलपुर क्षेत्र में दो एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे, जिनमें सुल्तानगंज का प्रस्तावित एयरपोर्ट भी शामिल है। इसके अलावा पीरपैंती में 2400 मेगावाट क्षमता का पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिसकी क्षमता आगे 1600 मेगावाट और बढ़ाई जाएगी। इस परियोजना में लगभग 70 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा।
उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर अभियान के तहत अब तक लगभग 6 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से साढ़े पांच लाख से अधिक का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अपराधी किसी भी जाति या वर्ग का हो, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जा रहा है तथा साइबर अपराध पर भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त से चिकित्सक अनावश्यक रूप से मरीजों को बाहरी अस्पतालों में रेफर नहीं कर सकेंगे। अनुमंडल एवं जिला अस्पतालों में ही बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई होगी। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने गोराडीह स्थित नवस्थापित राजकीय महाविद्यालय के शिलापट्ट का अनावरण कर पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, कुशल युवा कार्यक्रम, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री साइकिल योजना, आयुष्मान कार्ड तथा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, सांसद अजय कुमार मंडल, विभिन्न विधायक एवं विधान पार्षद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट