पटना/घोसवरी: बिहार सरकार द्वारा राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों के संचालन की शुरुआत के क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के गोराडीह स्थित नवस्थापित डिग्री कॉलेज परिसर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसी क्रम में पटना जिले के मोकामा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत घोसवरी राजकीय डिग्री कॉलेज के नए भवन एवं शैक्षणिक सत्र का उद्घाटन विधायक अनंत कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विधायक अनंत कुमार सिंह ने कहा कि घोसवरी प्रखंड एवं आसपास के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों छात्र-छात्राओं को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों का समय और आर्थिक संसाधन दोनों की बचत होगी।उद्घाटन समारोह में अभिषेक सिंह, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजकिशोर गुप्ता, बीडीओ आनंद प्रकाश, जद(यू) नेता परशुराम पारस, एनडीए के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए अभिषेक सिंह ने बताया कि राजकीय डिग्री कॉलेज, घोसवरी में वर्तमान सत्र से 73 छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है और शीघ्र ही नियमित पठन-पाठन प्रारंभ होगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि क्षेत्र की किसी भी समस्या या आवश्यकता के लिए वे उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं। जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। समारोह में उपस्थित लोगों ने कॉलेज के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। ग्रामीणों ने कहा कि घोसवरी में राजकीय डिग्री कॉलेज खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होगा।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट