नवादा : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के भलुआ गांव में संदिग्ध अवस्था में विवाहित की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान भलुआ गांव निवासी अनीश प्रसाद की 28 वर्षीय पत्नी हेमलता कुमारी के रूप में की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह मृतका का चार वर्षीय पुत्र अपनी मां को उठाने के लिए दरवाजा खटखटाने लगा। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर सास ने भी आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों को बुलाया गया और काफी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर हेमलता पंखे से लटकी मिलीं। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के पिता दिनेश प्रसाद, मां किरण देवी और भाई रौशन कुमार ने आरोप लगाया है कि हेमलता के पति अनीश कुमार, सास, ससुर और ननद लगातार 05 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। परिजनों का दावा है कि गला दबाकर हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया है।
मृतका मूल रूप से परनाडाबर थाना क्षेत्र के सांढ-मंझगावां पंचायत की हरनारायणपुर गांव निवासी दिनेश प्रसाद की पुत्री थीं। उनकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी और उनका एक चार वर्षीय पुत्र है। भाई रौशन कुमार ने यह भी दावा किया है कि हेमलता तीन माह की गर्भवती थीं। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि हत्या या आत्महत्या का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और वैज्ञानिक अनुसंधान के बाद ही होगा। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट